||गुरु की महिमा||
सरकारी नौकरी में शिक्षक के पद से रिटायर होने के बाद से रतनलाल की व्यस्तता में कोई कमी नहीं आई ,कहाँ घर वाले सोचते थे कि वे रिटायर होने के बाद घर की समस्याओं पर ध्यान देंगे लेकिन सेवानिवृति के बाद वे अपने तेजी से विकसित होते गांव की समस्याओं में अपना योगदान देने लगे।कई बार अपनी गांव मनिगढ़ी की समस्याओं को लेकर उन्हें तहसील और जनपद कार्यालय जाना पड़ता था। वैसे तो परिवार के लोगों को उनकी इस व्यस्तता को लेकर कोई आपत्ति नहीं थी लेकिन उनके बच्चों को अपने पिता के शिक्षक होने को वे बहुत गर्व का विषय नहीं मानते थे क्योंकि उनके बच्चों को अक्सर उनके बच्चों को "मास्टर का बच्चा" कह कर बुलाते थे ये अलग बात है कि रतनलाल ने अपने बच्चों को शहर के एक नामी स्कूल में पढ़ाया था और कॉलेज की उच्च शिक्षा अपनी सीमाओं से बाहर जा कर पूर्ण करवाई।लेकिन फिर भी उनके बच्चे सोचते थे कि उनके कैरियर और ऊँची परवाज़ भरता यदि उनके पिता के पास और बेहतर आर्थिक संसाधन उपलब्ध होते।अपने बच्चों की इस शिकायत पर रतलाल या तो खामोश हो जाते या मुस्करा कर शिकायत को हवा मे उड़ा देते।
गर्मी की छुट्टियां खत्म होने वाली थी उनके नाती/पोतियों की वापसी की तैयारियां जोरों पर थी सो उनके बेटा/बेटी भी गाँव आए हुए थे,तभी पंचायत के लोगों के समक्ष एक उद्योगपति को सरकार द्वारा एक चमड़े का कारखाना खोलने के लिए कुछ किसानों की जमीन अधिग्रहित करने का मुद्दा आया। पंचायत को इस मामले में चमड़े के कारखाने से होने वाले पर्यावरण प्रदूषण की आशंका थीऔर इससे पैदा होने वाली बदबू पर भी आपत्ति थी । गांव वालों ने इसका विरोध एक आंदोलन कर शुरू कर दिया तभी पंचायत ने ज़िले के कलेक्टर को ज्ञापन देने के लिए शहर मुख्यालय जाने का फैसला किया क्योंकि मामले में कार्रवाई के लिए वही अधिकृत थे।पंचायत के लोग जिला मुख्यालय पहुंचे कलेक्टर साहब के कक्ष में "अशरफ खान,डीएम" के नाम की नेम प्लेट पीतल के अक्षरों से चमक रही थी,कलेक्टर साहब के कक्ष के बाहर खड़े भृत्य को मनिगढ़ी पंचायत के मिलने के लिए पर्ची अंदर भिजवाई गई जिस पर पंचायत के पाँच पदाधिकारियों के नाम लिखे गए रतन लाल के नाम के आगे लिखा "सेवानिवृत शिक्षक" पर्ची जैसे ही अंदर गई और थोड़ी देर बाद भृत्य बाहर आया और बोला आपमें से रतनलाल कौन है? रतन लाल बोले "जी मैं हूँ रतनलाल" भृत्य बोला "क्या आप डबरा के सरकारी स्कूल में पदस्थ थे?" रतनलाल आश्चर्य मिश्रित स्वर में बोले "जी,जी" तब भृत्य बोला "आपका मोबाइल नंबर दे दीजिए,साहब अभी एक मीटिंग व्यस्त है वे आपसे बाद में किसी और दिन मिलेंगे,समय और तारीख की सूचना रतनलाल जी के मोबाइल पर दे दी जाएगी" सभी को बेहद आश्चर्य हुआ कि पंचायत अध्यक्ष के बजाय रतनलाल का नंबर क्यों लिया गया? सभी को कलेक्टर साहब से न मिल पाने का दुःख था,सभी बोझिल कदमों से वापिस लौट आए। जब गांव के लोगों को पता चला कि प्रतिनिधि मंडल से भेंट नही हो पायी तो सभी बहुत दुःखी थे लेकिन सभी को रतनलाल का नंबर लिए जाना कौतूहल का विषय था। रतनलाल के बच्चों ने इस पर तंज किया "लगता है कलेक्टर को पापा के सेवानिवृत्त शिक्षक होने के कारण मिलना मंजूर नही था" बच्चों की बात सुन रतनलाल भी खामोश हो गए उन्हें भी माजरा समझ नहीं आया । अगले दिन कलेक्टर कार्यालय से सूचना आयी कि कलेक्टर साहब स्वयं गांव मामले की जांच करने आ रहे है। खबर आग की तरह फैली और जैसे सारा गांव पंचायत आफिस के पास जमा हो गया कलेक्टर साहब की आगवानी के लिए । कलेक्टर साहब आये पंचायत द्वारा उनका स्वागत किया गया मगर स्वागत के दौरान लगा कलेक्टर साहब की निगाहें किसी को खोज रही थी,तभी कलेक्टर साहब ने मोबाइल निकाला और कोई नंबर डायल किया लोग दंग रह गये तभी थोड़ा पीछे खड़े रतनलाल के फोन की घण्टी बजी, तब रतनलाल ने नया नंबर देख उसे काट दिया इधर कलेक्टर साहब ने फिर एक नंम्बर लगाया इधर रतनलाल के फोन की फिर से घण्टी बजी तब उन्होंने फोन उठाया फोन पर आवाज़ आयी "आप कहाँ है? थोड़ा आगे आएंगे" अब आश्चर्य में डूबने की बारी रतनलाल की थी क्योंकि उस समय कलेक्टर साहब उन्हीं से बात कर रहे थे। वे आगे आए सारा गांव घनघोर आश्चर्य में था,तभी कलेक्टर साहब रतनलाल से बोले " आपको याद है डबरा में आपका एक छात्र था जिसका मन पढ़ने के बजाय आवारागर्दी में लगता और वो स्कूल न आने का बहाना किया करता था कि उसके पास स्कूल बैग और जूते नहीं थे और आप उसे स्कूल लाने के लिए बार बार स्कूल बैग और जूते दिलाते थे और वो लड़का जूते और बैग गुमा दिया करता था ताकि उसे स्कूल न आना पड़े" रतनलाल ने यादाश्त पर थोड़ा जोर दिया और बोले "हाँ-हाँ, इस तरह का एक विद्यार्थी था तो...मगर मुझे ज़्यादा याद नहीं आ रहा" कलेक्टर साहब फिर बोले "आपको याद है जब वो लड़का इंटर में अव्वल आया था तो आप उसकी आगे की पढ़ाई के लिए डबरा के धन्ना सेठो से मदद के लिए मिन्नते किया करते थे" रतनलाल जी को जैसे धीरे धीरे याद आ रहा था,तभी कलेक्टर साहब बोले "जब आप उस लड़के के लिए मदद मांग रहे थे तो कइयों ने आपसे कहा था "क्या रतनलाल जी अपने लड़के की मदद करने की बजाय एक मुसलमान लड़के की मदद कर रहे हैं और कोई मिला नहीं क्या?"कलेक्टर साहब के इन शब्दों से रतनलाल को जैसे सब याद आ गया और वे बुदबुदाए "अरे!! अशरफ तुम...." रतनलाल के ये शब्द सुन कलेक्टर ने अपना सिर रतनलाल के पैरों में रख दिया और बोले "किसी पर अहसान कर सिर्फ आप ही भूल सकते हैं सर" तभी कलेक्टर साहब ने गाड़ी में बैठी अपनी पत्नी और पांच साल के बच्चे को आवाज दी तो वे बाहर आये और रतनलाल के पैरों में झुक गए" सभी लोग हैरत और आश्चर्य में थे सभी की नज़रों में रतनलाल के लिए आदर और सम्मान का भाव था,यह दृश्य देख रतनलाल के बच्चे अपने पिता से आंख नहीं मिला पा रहे थे।