||वफादार||


प्रताप  भुसावल में रेलवे डी आर एम आफिस के पास किराये के मकान पिछले 15 साल से रहते थे,उनका एक प्लाट  शहर से बारह कि मी बाहर रेलवे एम्प्लॉय एसोसिएशन  में था,अपने मकान मालिक द्वारा मकान खाली किए जाने के तकादे के बाद प्रताप ने अपना मकान बनाने का निर्णय किया। मकान किसी से बनाने के बजाय  खुद ठेकेदार को दिया।और काम के सुपरविज़न के लिए उनकी पत्नी रजनी ने जिम्मेदारी संभाली वो रोज सुबह 10 बजे अपने तीन साल के बेटे को लेकर पहुँच जाती।जब दोपहर में वो खाना खाती तो एक कुतिया उनके पास आकर खड़ी हो जाती तो वो एक रोटी डाल देती थी।अब ये क्रम रोज का बन गया था,वो एक काले रंग की कुतिया थी तो उसका नाम "काली" रख दिया।जिस दिन काम किन्ही कारणों से बंद रहता तो भी काली उनके प्लॉट पर आकर बैठ जाती और मज़ाल कि उस प्लॉट के आस पास भी फटक जाए।एक बार सामने प्लॉट के मालिक ने बताया कि कल लोहे चुराने वालों का गैंग आपके प्लॉट में घुस गये थे लेकिन काली ने खदेड़ दिया । ये सुन  प्रताप और उसकी पत्नी बेहद खुश हो गए और उनका काली के प्रति लगाव बढ़ गया।हालत ये थी कि जब रजनी प्लॉट पर काम खत्म होने के बाद बच्चे को गोद में लिए नहर तक बस पकड़ने जाती तो काली उसे बस स्टॉप तक छोड़ने जरूर जाती। जब साल भर में मकान बना तो काली रोज सुबह गेट पर आकर बैठ जाती । सुबह शाम रोटी खाती और दिन भर इधर उधर घूमती।जब मकान में आने के सात साल बाद की सर्दी आयी और काली नज़र नही तो प्रताप और रजनी को उनके बच्चों  ने बताया अपने तीन प्लॉट को छोड़कर काली ने चार बच्चे दिए हैं । फिर एकदिन बच्चे घबराते हुए आये  और प्रताप को बताया पड़ोस के अरोरा साहब की कार ने काली को कुचल दिया है। कुछ दिन बाद उसके बच्चों ने आकर बताया काली के तीन बच्चे  मरा हुआ सांप खाकर मर गये हैं उनके हाथ में काली का चौथा पिल्ला था।वो अपने पिता से गुहार लगाने लगे पापा इसे पाल लें नहीं तो ये मर जाएगा। प्रताप ने पिल्ले को देखा उसे लगा गोया काली की आत्मा उनसे उसके बच्चे को अपना लेने की गुहार लगाती नज़र आयी,प्रताप ने बच्चों से डिटॉल की शीशी मंगाई और एक बाल्टी पानी मे थोड़ी डेटोल डालकर उसे नहला दिया और तुरंत ही उसका नामकरण कर दिया "जैकी" और घोषणा की कि ये परिवार का नया सदस्य है। जब रजनी को ये बात मालूम हुई कि इन लोगों ने एक पिल्ला पाल लिया है तो उसने विरोध किया कि घर के अंदर पिल्ला नहीं रहेगा मगर बहुमत में उसकी आवज दब गयी।
अब जैकी धीरे धीरे अपनी जगह बनाने लगा लेकिन रजनी को उसकी घर में मौजूदगी पर घोर आपत्ति थी,वो लगातार उसको घर से बाहर करने पर आमादा थी,लेकिन बच्चों के समर्थन की वजह से घर में टिका हुआ था,उसे घुमाने का जिम्मा प्रताप का था जिसको सदैव ये स्मरण रहता कि वो बहादुर काली का बेटा था,जैकी की चमक/तेवर ऐसे कि बड़े बड़े विदेशी नस्ल के कुत्ते उसके आगे पानी भरते नज़र आएं। छोटा कद (जो उसको अपनी माँ की वजह से मिला था) इधर जैकी का घर में अपने अस्तित्व का संघर्ष लगातार जारी था,जब जैकी दो साल का हुआ तब एक दिन वो घर में लगातार रोने लगा रजनी ने फोन कर प्रताप से कहा "इस कुत्ते से मैं परेशान हो गई हूं इसे बाहर कीजिए नहीं तो मैं इसे छोड़ दूंगी,अब घर में या तो मैं रहूँगी या ये रहेगा" रजनी की इस धमकी से प्रताप बहुत चिंता में पड़ गया ।वो सोचने लगा "अब जैकी का क्या किया जाए,इसको कहाँ छोडूं, कहाँ न छोडूं" कुछ मित्रों ने सलाह दी कि इसे सुबह चार..पाँच बजे चार कि मी दूर  पहाड़ियों पर छोड़ आओ वहाँ इसे कुछ न खाने को मिलता रहेगा" तब उसने वहर आकर घोषणा कर दी कि कल सुबह चार बजे मैं इसे बाहर छोड़ आऊंगा,बच्चे ये सुन बहुत मायूस हो गए लेकिन घर की परिस्थितियों को देख वे खामोश हो गए।
अगले दिन सुबह प्रताप बिस्तर में पड़ा पड़ा सोचता रहा कि "क्या करूँ क्या न करूँ" लेकिन जब कोई नहीं जगा तो वो चुपचाप पड़ा रहा।सुबह वो जल्दी जल्दी काम का बहाना कर आफिस भाग खड़ा हुआ। दोपहर चार बजे  उसे पड़ोसी का फोन आया "प्रताप जी जल्दी घर चले आइए"प्रताप  ने पूछा "क्या हुआ "वे बोले "आप के घर में लूट का प्रयास हुआ है ,पुलिस ने एक लुटेरे को पकड़ लिया है,आपकी पत्नी को चोट लगी है लेकिन आपका कुत्ता ज़्यादा जख्मी है"
प्रताप दौड़े दौड़े घर आया तो मालूम चला दोपहर दो बजे दो लुटेरे सेल्स मैन बन कर घुसे थे और रजनी पर काबू करने का प्रयास करने लगे लेकिन जब चीख पुकार मची और रजनी ने जब जोर जोर से "जैकी,जैकी" आवाज दी तो वो तेज तेज भौकने लगा लेकिन रजनी को दो अनजान लोगों से संघर्ष/हाथापाई करते देख वो बेकाबू हो गया और इस दौरान फिर उसने फिर जैकी,जैकी आवाज दी तो जैकी जैसे बुरी तरह से। बिफर पड़ा और उसने चैन तोड़ कर एक बदमाश पर हमला कर दिया,अचानक आई इस मुसीबत से दोनों बदमाश हक्के बक्के रह गए ।जिस बदमाश को जैकी ने दबा लिया तो दूसरा बदमाश रजनी को छोड़ चाकू लेकर जैकी पर झपटा  और उसने जैकी पर एक वार कमर पर और एक बार कान के पास किया इसी बीच बदमाश की पकड़ से छूटी रजनी चिल्लाते हुए बाहर आ गई और मोहल्ले वालों को जमा कर लिया भीड़ बढ़ते देख एक बदमाश तो भाग गया लेकिन दूसरे को लहूलुहान जैकी ने नहीं छोड़ा बाद में मोहल्ले वालों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले किया। जब प्रताप घर पहुँचा तो रजनी ने सब कुछ छोड़ जैकी को अस्पताल लेकर ले जाने को कहा। वहाँ डॉक्टर्स ने जैकी का इलाज कर कहा "इसका बचना बहुत मुश्किल है अगर दो दिन ठीक रहा तो फिर बच जाएगा। जब जैकी को घर लाया गया तो वो ज़्यादा खून बह जाने की वजह से बेहोश था,बच्चे जोर जोर से रो रहे थे तो रोते हुए रजनी ने उन्हें डांटा कि ",मेरे जैकी को कुछ नहीँ होगा"जैसे तैसे राम राम करते दो दिन बीते जब दो दिन बाद जैकी ने आंख खोली तो अपने पास बैठी रजनी को देख उसने पूँछ हिलाई तो जैसे घर में  खुशी छा गई।इस घटना को आज इस घटना को तीन साल बीत गए और घर में जैकी रजनी का सबसे बड़ा लड़ैता है और रजनी से जो जैकी को भगाने की बात करता है उन सभी को घर से बाहर भगा सकती है।ऐसा लगता है ",वफादारी" की परंपरा को जैसे अपनी माँ काली की विरासत को आगे बढ़ाया है।

Popular posts from this blog

||मुखिया||

||खुदा का बंदा||

||आदत से मजबूर||