||जहाँ चाह वहाँ राह||


पापा यहाँ आपका मन लगा रहेगा,आपके हमउम्र लोगों में, आप  बार बार कह रहे है कि मेरे पास आकर रहना  चाहते है मगर यहाँ आप  करेंगे क्या? रीता और मैँ सुबह निकलते है घर से  फिर लौटने का ठिकाना  नहीं,इसी झंझट से बचने के लिए हमने  बच्चों को बोर्डिंग स्कूल में डाल दिया है हर वीक एंड पर हम उनसे मिलने चले जाते हैं।हमारी लाइफ स्टाइल ऐसी है कि हम दूर रह कर पास रहते हैं।ताप कहेंगे तो मैं आपसे हर संडे बात कर लिया करूँगा। आपको लगेगा ही नहीं कि हम दूर दूर हैं।बाकी आपकी मर्जी। मैं तो कहूँगा आप ऋतु के साथ मुम्बई रहने चले जाइए,वहाँ उसकी अच्छी खासी बड़ी फेमिली है आपका भी मन लगा रहेगा। बेटे की फोन पर बातें सुन कर रमेशजी थोड़ा उदास हो गए वे खामोश भी हो गए। "पापा आप सुन रहे है न" उधर से आवाज आयी,"हाँ, हाँ मैं सुन रहा हूँ,अच्छा चल फोन रख उधर लंदन में तो लगभग ढाई तीन बजे होंगे,अभी तो तू ऑफिस में होगा, चल मैं तुझसे बाद में बात करता हूँ" कह कर उन्होंने फोन रख दिया।
समय कैसे पँख लगा कर  उड़ जाता है है,विनीत और ऋतु को वो स्कूटर पर स्कूल छोड़ने जाते थे, दोनों जुड़वा थे ,स्कूल के गेट पर दोनों ही  छोड़ते समय रोने लगते  थे तब अच्छा खासा सीन क्रिएट हो जाता था इसलिए वो हर दूसरे  दिन अपनी पत्नी वंदना को ले जाते थे ताकि बच्चो को संभालने में दिक्कत न हों,बचपन में दोनों को पालने में रमेश और वंदना को खासी मशक्कत करनी पड़ती थी जब रात में दोनों परेशान करने लगते थे। एक चुप होता तो दूसरा रोने लगता। अक्सर वंदना कहती थी कि अभी तो आप है मगर दिन में दोनों मेरी परेड करवा देते हैं…पत्नी की बात सुनकर रमेश जी मुस्करा देते और कहते "अरे!! आज दोनों को पालने में परेशान हो रही हो जब बड़ें हो जाएंगे तो दोनों इस बात को लेकर परेशान करेंगे कि मम्मी मेरे पास रहेंगी"अरे छोड़िए तब तक मैं ज़िंदा रहूँगी कि नहीं पता नहीं"पत्नी की ये बात सुन  रमेश जी कहते "मरे तुम्हारे दुश्मन"
न जाने किस मुहूर्त में वंदना के मुँह से ये शब्द निकलते थे,ऋतु की शादी के छः महीने बाद उनकी मृत्यु हो गई। वंदना तो चली गई मगर रमेश जी को ऐसे वक्त में अकेला छोड़ गयी जब उन्हें वंदना की जरूरत सबसे ज़्यादा थी।विनीत सलाह तो दे रहा था उनको ऋतु के घर मुंबई जाने की मगर वो बेटी के घर जा कर रहने के पक्ष में नहीं थे,एक तो उसका परिवार बड़ा, मकान छोटा और खुद बेटी-दामाद जर्मनी जाने की तैयारी कर रहे थे। वैसे तो रमेश जी को जीवन यापन की कोई परेशानी नहीं थी उनकी पेंशन से उनका गुजारा आराम से हो जाता था। सोचते थे जीवन की आपाधापी में वंदना को कहीं भी घुमाने नहीं ले गये थे तो सोचा था बच्चों की जिम्मेदारी से निपटने के बाद उसे  घूमने जरूर ले जाएंगे और वंदना को शौक  भी था घूमने फिरने का और वो भी विदेश,दुर्भाग्य देखिए आज उसके बच्चे विदेश  में है और जाने को तैयार बैठे हैं और वो उस देश चली गयी जहाँ से कोई लौट कर नहीं आता।।
रमेश जी विनीत से फोन पर बात करने के बाद रात पर नहीं सो पाए,सुबह तीन बजे तीन लगी भी तो सुबह साढ़े पाँच बजे जाग गए और घूमने निकल गए। रास्ते में सोचते रहे कि चौसठ साल की उम्र में वो ज़िंदगी से रिटायर नहीं होना चाहते।
पार्क में जाकर  वे  गुमसुम से एक बेंच पर जाकर बैठ गए तभी वहाँ पार्क में जोगिग करते मोहित की नजर रमेश जी पर पड़ी उसने दूर से  जोर से आवाज दी "नमस्कार अंकल" मगर रमेश जी कहीं  खोए हुए थे सो उनका  ध्यान उस तरफ नहीं गया तब मोहित जोगिग बंद कर उनके पास  आया और बोला ",क्या बात है अंकल  किस सोच में डूबे हुए हैं,क्या नाराज है"  रमेश जी चौकते हुए बोले "नहीं बेटा बस कुछ सोच रहा था" मोहित बोला " अरे!! क्या सोच रहे थे आप,क्या विनीत से बात हुई ?" तब रमेश जी ने सारी बातें बताई।मोहित विनीत का क्लासमेट रहा था और आजकल मोहित स्टेट महिला बाल विकास विभाग में  डिप्टी कमिश्नर था। रमेश जी की बात सुन  मोहित बोला "अंकल आप वो आंटी के NGO पर कोई काम शुरू क्यों करते,वो NGO तो दस साल तक एक्टिव रहा था" रमेश जी बोले "उस NGO पर क्या  काम कर सकता हूँ?" "बहुत से काम कर सकते हैं,ऐसा करिए मेरे ऑफिस आ जाइए, मैं आपकी मुलाकात बग्गा जी से करा दूँगा,उनके बहुत से NGO चलते है,उनसे बात करिएगा जरूर कोई हल निकलेगा"
सुबह 11:30 बजे मोहित के ऑफिस पहुँचे, थोड़ी देर बाद बग्गा साहब भी वहाँ पहुँचे तो बग्गा साहब ने उन्हें एक नायाब प्रोजेक्ट का सुझाव दिया ऐसे बच्चे जो 10 वीं,12 वीं पास  पास न कर पाने के बाद पढ़ाई छोड़ देते हैं उन्हें सिलाई,कढ़ाई,कम्प्यूटर हार्डवेयर-टाइपिंग आदि की ट्रेनिग देना और इसके लिए सरकार प्रोत्साहन भी देती है,लोन का भी  इंतज़ाम करती है।
बस रमेश जी को ये आइडिया भा गया,उन्होंने अपने घर को ट्रेनिग इंस्टिट्यूट बना दिया और कुछ इक्विपमेंट का इंतज़ाम लोन लेकर किया, ट्रेनर का इंतज़ाम मोहित और बग्गा साहब की मदद से हुआ।कई झुग्गी झोपड़ियों में जाकर कई ऐसे बच्चे मिल गये अब शुरू हुआ ट्रेनिग का सिलसिला ,कुछ दिनों में उसके  इंस्टिट्यूट से निकले कई बच्चे अपना छोटा मोटा व्यवसाय सफलता पूर्वक करने लगे कुछ सालों में ऐसे नौजवानों की फौज खड़ी हो गई,इन बच्चों को इस इंस्टिट्यूट से भावनात्मक रूप से जुड़ गए थे और स्वेच्छा से इसमें अपना योगदान देने लगे,धीरे धीरे रमेश जी का घर छोटा पड़ने लगा तब उन्होंने शहर से दूर एक बड़ी बिल्डिंग ली। रमेश जी का उत्साह देख कई लोग उनसे जुड़ने लगे कई बड़े बड़े गैरेज भी उन्हें व्हीकल ट्रेनिग में सहयोग करने लगे। जब सहयोग करने वाले  जिसमें उनके पुराने छात्र भी शामिल थे, की सहायता से संस्थान की एक बड़ी बिल्डिंग बनवा ली।जब कभी उनके बेटे-बेटी  उनसे बात करने की कोशिश करते तो उन्हें व्यस्त पाते। एक बार जब एक कंपनी द्वारा  उन्हें सम्मानित करने के लिए लंदन  बुलवाया तो  उनके बेटा-बेटी नाती, पोते उस कार्यक्रम में पहुंचे और जब "वंदना वंडर्स" का नाम पुकारा गया तो सभी  परिवारजन का सीना चौड़ा हो गया मगर फिर भी उनके बेटे बेटी के मन में एक ग्लानि का भाव था। मगर इन सब से दूर जब इस कार्यक्रम में जब जब "वंदना वंडर्स" का नाम पुकारा गया  तो रमेश जी को लगा जैसे उनके साथ वंदना अपने विदेश घूमने की हसरत पूरी कर रही हो और रमेश जी हौले से बुदबुदाए "वंदना मैं तुम्हे सारा संसार घुमाउंगा तुम ठीक कहती थी "जहाँ चाह वहाँ राह"

Popular posts from this blog

||मुखिया||

||खुदा का बंदा||

||आदत से मजबूर||