||मशाल||


दरवाज़े पर घण्टी बजी तो चित्रा ने किचिन से आवाज लगाई "कौन है" कोई जबाब नहीं आया थोड़ी देर बाद फिर घण्टी बजी तो चित्रा झल्लाते हुए बोली "आ रही हूँ" किचिन का काम छोड़ वो बड़बड़ाते   हुए दरवाजा खोला तो सामने उनकी मेड लता खड़ी थी,उसे देखते ही चित्रा उस पर बरस पड़ी "ये तू बिना बताए कहाँ गायब हो गई थी,ये कोई तमीज होती है,क्या हम फ्री में काम करवाते हैं,तेरा फोन भी बंद था,कम से कम एक फोन तो कर देती,तुझे मालूम है न मेरी बेटियाँ छोटी है,ऊपर से आफिस की टेंशन...चुप क्या खड़ी है,जबाब क्यों नहीं देती?क्या मैं पागल हूँ जो बकबक किए जा रही हूँ" चित्रा एक सांस में सब कुछ बोल गयी, इधर  लता खामोश उसकी डांट सुनती रही उसकी आँखों में  एक अजीब सा सूनापन था उसके पास चित्रा की बातों कोई जबाब  नहीं था।उसकी आँखें भर आयी तो चित्रा घबरा गयी उसने लता को अंदर बुलाया तो वो सिर झुका कर किचिन में पहुँच गयी जहाँ बर्तनों का ढेर लगा हुआ था वो आकर बर्तन साफ करने लगी,उसके पीछे पीछे आ गयी और बोली "लता क्या हुआ?" लता कुछ न बोली  और काम में लगी रही लेकिन उसकी आँखों से टपकते आँसू उसके साथ हुई किसी अनहोनी की आशंका जता रहे थे।जब चित्रा को मामला कुछ गंभीर लगा तो उसने प्यार से उसके  कंधे पर हाथ रखा और  पूछा "क्या बात  है लता क्या हुआ?" कुछ देर खामोश रहने के वाद वो बोली "मेमसाहब मेरे आदमी ने मुझे छोड़ दिया"
हैरत में पड़ी चित्रा बोली "हे!!राम  क्यों,कैसे?"तब लता चित्रा के गले लग गई और रोते हुए बोली " मैंने अपना ऑपरेशन करवा लिया क्योंकि मेरा घरवाला एक और बच्चा चाहता था जो मेरे लिए संभव नही था,अब मैं दो बच्चे भी पालूं, शराबी पति की खववाहिश भी पूरी करूँ और बच्चे भी पैदा करूँ तो मैंने खुद ही झंझट कर दी अपना ऑपरेशन करवा कर" इन्ही बातों से मेरा घरवाला तिलमिला गया पहले मुझे बहुत मारा और फिर मुझे छोड़ कर चला गया,जाते जाते  साथ में मेरे बेटे को भी ले गया और बेटी को छोड़ गया" लता  की बातें सुन चित्रा अवाक रह गयी।उसने लता को ढांढस बंधाया  और उसे शरीर पर आयी चोटों  का इलाज  करवाने के लिए दो हजार रुपये भी दिये।जब लता काम करके  चली गयी तो चित्रा को अपने साथ हुई घटना याद आयी कुछ ऐसी ही घटना  तो हुई थी उसके साथ जब उसने अपनी दूसरी बेटी होने पर ऑपरेशन करवाया था बस अंतर ये था उसके इस निर्णय में उसके पति संजय की सहमति थी,उसकी सास ने उसके इस निर्णय का बहुत  विरोध किया और मामला इतना गंभीर हो गया कि उसे अपना ससुराल  छोड़ने का निर्णय लेना पड़ा और शहर के इतने प्रतिष्ठित परिवार से होने के बावजूद,महल जैसा घर होने के बावजूद शहर में किराये का मकान लेने पड़ा। जब शाम को संजय घर लौटा तो चित्रा ने उसे सारा किस्सा बताया तो उसने लता को दिन भर के लिए घर पर काम पर रखने को कहा क्योंकि जब चित्रा ऑफिस जाती है तो दोनों बेटियों को क्रेश में छोड़ना पड़ता है । फिर लता को नया ठौर मिल गया वो सुबह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ते हुए साढ़े नौ  बजे तक काम पर पहुँच जाती और फिर चित्रा को किसी काम को हाथ नही लगाने नहीं देती,धीरे धीरे  चित्रा की दोनों बेटियाँ लता से हिल मिल गयी। तीन बजे लता की बेटी स्कूल से सीधे बंगले पर पहुँच जाती और शाम को माँ के साथ घर लौटती थी। कभी कभी चित्रा उसे पढ़ाती भी थी। देखते ही देखते समय बीता लता की बेटी बारहवीं पास कर कॉलेज में पहुँची तो लता ने उसकी शादी एक कोरियर कंपनी में एकाउंट्स का काम देख रहे पढ़े लिखे लड़के से तय कर दी।पहले तो चित्रा और संजय के मना करने के बावजूद भी अपनी मजबूरी का हवाला देकर लड़की को बिदा करने के निर्णय पर अडिग रही।कुछ महीने बाद जब  लता ने संजय और चित्रा की सहायता से बेटी को बिदा किया तो बेटी  के कान में मंत्र दिया कि "मजबूरी में मैं  इस ज्ञान की मशाल को तुम्हें और दामाद जी को सौंप रही हूँ, वायदा करो ज्ञान की इस मशाल को बुझने मत देना और इसकी रोशनी से अगली पीढ़ी को रोशन करना।
इतने बरस बीत जाने के बाद लता ने चित्रा के यहाँ का काम छोड़ दिया है मगर चित्रा लता को उसे हर महीने की पगार देने उसके घर जाती है।और चित्रा की दोनों बेटियाँ जब भी माँ बाप से मिलने आती है तो वो लता से मिलने उसके घर जाना नहीं भूलती जैसे वो लता के प्यार का कर्ज अदा कर रही हों।लता की बेटी भी फोन पर चित्रा से अपने ऑफीस,अपने बच्चों और अपने पारिवारिक  मामलों में सलाह लेना नहीं भूलती।वो अपनी माँ लता को अपने साथ ले जाना चाहती है लेकिन लता चित्रा के नजदीक रहकर अपनी बेटी को सौंपी गई मशाल की रौशनी की लौ को देखना चाहती है।

Popular posts from this blog

||मुखिया||

||खुदा का बंदा||

||आदत से मजबूर||