||लाडली लक्ष्मी||
रजत दफ्तर से निकला और जल्दबाजी में बस पकड़ने भागा क्योंकि रुचि की तबियत कुछ नासाज़ थी उसका ये चौथा महीना चल रहा था।रजत को चिंता हो रही थी कि कहीं डॉक्टर के पास न ले जाना पड़े।उसे अपनी बेटी नव्या की भी चिंता हो रही थी क्योंकि उसे लग रहा था वो नाहक ही अकेली परेशान हो रही होगी।बस में बैठे रजत को याद आ रहा था कि कैसे उसने शादी के समय रुचि से वायदा लिया था कि उनका सिर्फ एक ही बच्चा रहेगा।एक तो आर्थिक परिस्थितियां दूसरा रजत के लिए बेटा-बेटी में कोई अंतर था लेकिन इसके ठीक उलट रुचि सिर्फ बेटा ही चाहती थी क्योंकि उसका मानना था कि बेटा ही वंश आगे बढ़ाता है,जब नव्या का जन्म होने वाला था तब रुचि को विश्वास था कि उसे बेटा ही होगा...क्योंकि उसने कई मंदिरों की ड्योढ़ी पर माथा टेका था।उसकी ये हरकत देख रजत कभी कभी नाराज हो जाता फिर वो उसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि देख खामोश हो जाता।दरअसल रुचि खुद चार बहिनें थी ।उनके पिताजी बेटे की चाह में बेटियां पैदा करते चले गए और ये अलग बात है कि वो बेटियां होने का दोष उनकी मां को देते और चार बेटियां होने के बाद उसकी मां ने खुद ही आपरेशन करवा लिया था। मां के इस कदम से पिता को बहुत सदमा लगा और इसके बाद वे बहुत शराब पीने लगे और अक्सर माँ पर हाथ उठा देते थे।रुचि की दादी भी उसकी माँ पर वंश को नाश करने का आरोप लगाती थी।इन सब बातों का रुचि के दिमाग पर गहरा असर पड़ा था।जब रुचि फर्स्ट ईयर में थी तब रुचि के पिता का अधिक शराब पीने की वजह से मृत्यु हो गई।तब उसकी माँ ने जैसे तैसे दो बेटियों के हाथ पीले किए और बाकी दो बहिनो ने अपनी मर्जी से शादी कर ली।जब एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले रजत से शादी का प्रस्ताव आया तो पहिले तो नानुकुर की लेकिन जब उसे मालूम चला कि रजत अपने परिवार में अकेला था उसके मा-बाप की मृत्यु बचपन में ही हो गई थी और वो अपने मामा के पास रह कर पला बड़ा हुआ था सो वो मजबूरी में मान गयी थी।
नव्या के जन्म के बाद से ही रुचि कभी उसे बेटी जैसा प्यार नहीं देती थी।रुचि के चार साल होने के बाद उसने रजत पर दूसरा बच्चा पैदा करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया,पहले तो रजत माना नहीं तो रुचि ने नव्या की उपेक्षा करनी शुरू कर दी तब रजत मजबूर हो गया क्योंकि उसकी बेटी उसे जान से प्यारी थी। नव्या के खाने से लेकर स्कूल जाने की तैयारी रजत खुद करवाता। लेकिन मासूम नव्या हमेशा अपनी माँ में एक माँ का प्यार ढूँढती थी जो उसे कभी नहीं मिला।
समय बीता रुचि ने एक सुंदर से बेटे को जन्म दिया तो जैसे नव्या की ज़िंदगी ही बदल गयी अब उसके होने न होने का रुचि के लिए कोई अर्थ नहीं रह गया था।वो तो सिर्फ अपने पापा की राजकुमारी बन के राह गयी। बीतते समय के साथ रुचि जितनी उपेक्षा नव्या की करती उससे अधिक प्यार अपने बेटे अनुज को करती थी।माँ के ज़्यादा लाड़ प्यार में अनुज बिगड़ने लगा था उसकी स्कूल और मोहल्ले से बहुत शिकायते आने लगी थी मगर बेटे के प्यार में अंधी माँ बेटे की करतूतों पर पर्दा डालती।उसकी इन हरकतों से रजत दुःखी हो जाता।उसने रुचि को बहुत समझाया मगर वो अपनी हरकतों से बाज नहीं आती। ग्यारहवीं में आकर नव्या ने बायलॉजी ली और मेडिकल की तैयारी करने लगी।जब नव्या स्कूल से लौटती तो रास्ते में सड़क के किनारे सेकंड हैंड किताब बेचने वाले के पास अक्सर रुक जाती और किताबें उलट पुलट के देखती रहती और उनमें अपने काम की चीजें ढूंढती शुरू में तो दुकानदार उसे टोकता मगर बाद में उसके साथ उसकी सहेलियां भी उसके साथ आने लगी तो वो चुप हो जाता क्योंकि नव्या खरीदे न खरीदे उसके साथ उसकी सहेलियां कुछ न कुछ जरूर खरीद लेती।ये सिलसिला कुछ महीने चला। एक दिन नव्या किताबे उलट पुलट रही थी तभी उसकी नज़र एटॉमिक एनर्जी के कुछ चेप्टर पर पड़ी तो वो उसे नोट करने की कोशिश करने लगी तो दुकानदार ने उसे ऐसा करने से रोका तो वो चुपचाप हो गयी।अगले दिन आकर वही किताब खोजने लगी जब उसे वो किताब नहीं मिली तो उसने दुकानदार से उस किताब के बारे में पूछा तो दुकानदार बोला ..",कौनसी किताब" नव्या बोली "अंकल वो पी एंडी मरे की एटोनॉमिक एनर्जी वाली" तो दुकानदार बोला "अरे!! वो किताब तो तुम्हारे जाने के बाद ही बिक गयी" तब नव्या धीरे धीरे रोने लगी ।उसे रोता देख दुकान पर "सिडनी शेल्डन" का उपान्यास खोजते बुजुर्ग की निगाह उस पर पड़ी तो उन्होंने नव्या को ढांढस बंधाया। जब नव्या घर चली गयी तो आर्म्ड फोर्स के रिटायर्ड डॉक्टर जगजीत सिंह जी ने दुकानदार ने नव्या के बारे जानकारी ली,तो दुकानदार बोला "अरे साहब ये लड़की रोज चली आती है और मुफ्त मेँ किताबे पड़कर मेरी दुकानदारी खराब करती है' तब डॉक्टर साहब ने दुकानदार को डांटा और जिस किताब को नव्या खोज रही थी उसके बारे में पूछा और चले गये, अगले दिन नव्या फिर दुकान पर आयी और उस दुकानदार से फिर उस किताब के बारे में पूछा तो दुकानदार ने उसे झिड़कते हुए जबाब दिया तब वो मायूस होते हुए घर जाने लगी तभी उसे पीछे से आवाज आयी "सुनो बेटी कहीं तुम इस किताब को तो नहीं ढूंढ रही थी?" नव्या ने डॉक्टर साहब के हाथ में वही किताब देख खुशी से झूम उठी और उसने डॉक्टर साहब के हाथ से लगभग वो किताब छीन ली और पढ़ने लगी तभी थोड़ी देर में उसे अपनी गलती का अहसास हुआ तब उसने "सॉरी अंकल" कहते हुए किताब उन्हें लौटाने लगी तब डॉक्टर साहब ने कहा "नहीं,नहीं बेटी ये मेरे बेटे की किताबें है,अब ये मेरे किसी काम की नहीं"
नव्या बोली ",अंकल आपका बेटा"?"तो डॉक्टर साहब बोले "हाँ मेरा बेटा...वो लंदन में डॉक्टर है" पर दुकानदार हैरान था क्योंकि उसे किताब नयी जैसी लग रही थी। नव्या बोली " अंकल ये किताब मैं आपको जल्दी लौटा दूंगी" तो डॉक्टर साहब ने उसे कहा "नहीं ,नहीं बेटी अभी इसे रख लो लेकिन इसे लौटा देना ये मेरे बेटे की है" इसके बाद नव्या दुकान के पास से गुजरती तो डॉक्टर साहब उसे जरूर मिलते फिर दोनों के बीच ये तय पाया कि उसे जिस भी किताब की जरूरत होगी और अगले दिन डॉ साहब अपने बेटे की किताबों में लाकर दे देंगे।
इधर नव्या के पास नयी नयी किताबे देख उसकी माँ उसे फटकारते हुए बोली "बता ये नयी नयी किताबे कहां से लाती हैं?" तब नव्या ने डॉ साहब के बारे में बताया तो उन्होंने नव्या को बहुत मार और शाम को जब उसके पिता आए तो उनसे शिकायत करते हुए बोली "आप मेरे बेटे के बारे में बोलते थे देखिए आपकी बेटी क्या गुल खिला रही है'" रजत ने नव्या से सारी बातें पूछी तो नव्या ने सारी बातें बताई तो ये तय पाया गया अगले दिन नव्या के साथ पापा डॉ साहब से मिलेंगे। अगले दिन रजत डॉ साहब से मिले और दोनों काफी देर तक बातें करते रहे फिर बाद में डॉ साहब दोनों को अपने घर ले गए वहाँ उन्होंने दोनों को अपनी पत्नी से भी मिलवाया। डॉक्टर साहब की पत्नी ने नव्या को प्यार से गले लगा लिया और उसे बताया कि वो उसके बारे में सब जानती हैं।अब तो नव्या लगभग रोज डॉ साहब के यहाँ जाने लगी और डॉ साहब उसे पढाने में मदद करने लगे,नव्या की माँ को ये बहुत बुरा लगता क्योंकि उनके घर के ज़्यादातर काम नव्या के भरोसे थे।
समय बीता और बारहवीं के साथ मेडिकल एग्जाम भी हो गए। जिस दिन नव्या का मेडिकल का रिजल्ट आने वाला था उसी दिन डॉ साहब और उनकी पत्नी लंदन चले गए ये बोलकर कि लंदन में उनके बेटे की तबियत ठीक नहीं है।बाद में जब रिज़ल्ट आया तो सीमित साधनों वाली नव्या का चयन मेडिकल में हो गया,नव्या उस समय डॉ साहब और उनकी पत्नी को खोज रही थी और अपने पिता के गले लगी हुई थीं इधर रजत की निगाहें आसमान में जाते हुए विमान पर थी उसके कानों में डॉ साहब के शब्द गूँज रहे थे "रजत तुम मेरे बेटे जैसे हो और नव्या मेरी पोती" "मेरी कोई औलाद नहीं है और मेरी ज़िंदगी अपने अंतिम मकाम पर है, मुझे ब्लड कैंसर है..लंदन जाने वाला हूँ,शायद कभी लौट कर ना पाऊँ, नव्या मेडिकल में जरूर सिलेक्ट होगी।मेरे जाने के बाद में मैं कुछ पैसा छोड़ जाऊँगा उसकी आगे की पढ़ाई के लिए उसे हमेशा बहुत प्यार करना क्योंकि वो तुम्हारी बेटी नहीं मेरी पोती है ये बातें नव्या को कभी नही बताना" इधर नव्या डॉ साहब और उनकी पत्नी के वापिस आने का इंतज़ार कर रही थी जो शायद कभी खत्म नहीं होगा।